अगली ख़बर
Newszop

CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान: मुख्य सचिव पद से रिटायर होते ही अलका तिवारी बनेंगी राज्य निर्वाचन आयुक्त

Send Push
रांची: झारखंड सरकार ने मंगलवार के मुख्य सचिव पद से रिटायर हुईं अलका तिवारी को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्त करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद घोषणा की कि अलका तिवारी राज्य की अगली निर्वाचन आयुक्त होंगी। उन्हें राज्य निर्वाचन आयुक्त नामित करने का फैसला लिया गया है। संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी होने की उम्मीद है। पूर्व मुख्य सचिव डीके तिवारी के कार्यकाल समाप्त होने के बाद से राज्य निर्वाचन आयुक्त का पद खाली पड़ा हुआ था।



अलका तिवारी को दी गई भावभीनी विदाई

इससे पहले मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद मिली है।





मुख्यमंत्री ने उनके सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि अलका तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। उन्होंने राज्य प्रशासन को एक नई दिशा दी और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूती दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि आगे भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी।



अविनाश कुमार को शुभकामनाएं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अविनाश कुमार की कार्यकुशलता, दूरदर्शिता एवं प्रशासनिक अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा राज्य सरकार की विकास की योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी।



इस अवसर पर नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य के नए विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव और सचिव तथा वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित थे।



न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें