भारत ने वैश्विक आर्थिक मंच पर एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवी आर सुब्रह्मण्यम ने शनिवार को घोषणा की कि भारत ने जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह आंकड़ा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के नवीनतम आंकड़ों पर आधारित है। नई दिल्ली में 10वीं नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद उन्होंने प्रेस वार्ता में यह जानकारी साझा की।
सुब्रह्मण्यम ने कहा, "जैसे मैं बोल रहा हूं, भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। हमारी अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर को पार कर गई है। यह मेरा नहीं बल्कि IMF का डेटा है। भारत अब जापान से आगे निकल गया है।" उन्होंने आगे बताया कि अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से आगे हैं। अगर इस विकास की गति बनी रही, तो अगले 2 से 3 वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
IMF की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (अप्रैल 2025) रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में भारत की GDP लगभग 4,187 अरब डॉलर होगी, जबकि जापान की GDP अनुमानित रूप से 4,186 अरब डॉलर रहने की संभावना है। 2024 तक भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। IMF के आंकड़े बताते हैं कि भारत 2025 और 2026 में क्रमशः 6.2% और 6.3% की दर से वृद्धि करेगा, जबकि वैश्विक आर्थिक विकास दर 2025 में 2.8% और 2026 में 3% रहने का अनुमान है। ये डेटा भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को उजागर करते हैं।
बैठक के दौरान ‘विकसित राज्य से विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर केंद्र और राज्यों के बीच गहन चर्चा हुई। नीति आयोग के सीईओ ने बताया कि इस बैठक में मैन्युफैक्चरिंग, सेवाएं, ग्रामीण और शहरी गैर-कृषि क्षेत्र, अनौपचारिक क्षेत्र, ग्रीन और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सुब्रह्मण्यम ने कहा, “भारत अब एक ऐसे मोड़ पर है जहां उसकी अर्थव्यवस्था तेजी से विकास कर सकती है। हम टेक-ऑफ स्टेज पर खड़े हैं।”
इस उपलब्धि से स्पष्ट होता है कि भारत आर्थिक रूप से एक महाशक्ति बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है और ‘विकसित भारत 2047’ का सपना जल्द ही साकार होने वाला है।
You may also like
कोलकाता हाई कोर्ट के निर्देश के बाद बर्खास्त शिक्षकों ने किया, मंच का निर्माण नये स्थान पर
बलरामपुर : झीरम घाटी हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
आंधी-बारिश और ओलावृष्टि में कार को नुकसान से बचाने के लिए इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
धोलेरा-भावनगर हाइवे पर सड़क हादसे में 4 की मौत
गुरुग्राम निगम का दावा,ड्रेनेज व सीवरेज की सफाई से नहीं हुआ जलभराव