– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मदनमहल से दमोह नाका फ्लाई ओवर का होगा लोकार्पण
– लोक निर्माण मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों संग किया फ्लाई ओवर का निरीक्षण
भोपाल, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शनिवार, 23 अगस्त को जबलपुर के प्रवास पर रहेंगे और यहां मध्य प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर ‘मदनमहल से दमोह नाका’ का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुखयमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बुधवार को इस फ्लाई ओवर का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि बड़ी प्रसन्नता की बात है कि मप्र के सबसे बड़े फ्लाई ओवर का लोकार्पण करने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी मध्य प्रदेश आ रहे हैं। उन्होंने कहा 2004 में जब मैंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा तब जबलपुर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मैंने फ्लाई ओवर निर्माण को अपने संकल्प पत्र में लिया था और उसके बाद इस दिशा में प्रयास प्रारम्भ किये गए। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनी और गडकरी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री बनने के बाद मध्य प्रदेश आए। उनसे फ्लाई ओवर निर्माण की मांग रखी गई और गडकरी ने तत्काल इसकी स्वीकृति देते हुए इस फ्लाई ओवर का निर्माण सीआरएफ से कराने का आदेश जारी किया। फ्लाई ओवर का निर्माण प्रारम्भ होने और पूर्ण होने तक कई तरह की अड़चनें सामने आईं, उनके निराकरण की दिशा में कार्य किया गया, आज यह फ्लाई ओवर बनकर तैयार है।
मंत्री सिंह ने कहा लगभग 11 सौ करोड़ की लागत से निर्मित सात किमी लम्बा जबलपुर में बना यह फ्लाई ओवर मप्र का सबसे बड़ा है, साथ ही इसमें रेल मार्ग के ऊपर बना देश का सबसे लम्बा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज भी बना है, जिसकी लम्बाई 192 मीटर है। इसमें 3 बो स्ट्रिंग ब्रिज बनाये गए हैं, जिसमें दो रानीताल में और एक बलदेवबाग में बनाया गया है, जो पूरी तरह स्टील से निर्मित है। इसकी लम्बाई लगभग 70 मीटर होगी। इस फ्लाई ओवर के नीचे पर्यावरण संरक्षण के लिए लगभग 50 हजार पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही फ्लाई ओवर के नीचे ही बास्केटबल कोर्ट, ओपन जिम, बच्चों के लिए पार्क बनाये गए हैं। पूरे फ्लाई ओवर में 10 स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि अभी मदनमहल से दमोह नाका तक जाने में वाहन को लगभग 40 से 45 मिनट लगते हैं, किन्तु फ्लाई ओवर से आवागमन प्रारम्भ होने के बाद यह दूरी सिर्फ 6 से 8 मिनट में तय हो जाएगी। यह फ्लाई ओवर न केवल जबलपुर के यातायात को व्यवस्थित करेगा अपितु जबलपुर के महानगरीय स्वरुप के लिए मील का पत्थर साबित होगा। लोक निर्माण मंत्री ने जबलपुर को मिली इस बड़ी सौगात के लोकार्पण कार्यक्रम में जबलपुर की जनता से उपस्थिति की अपील की है।
निरीक्षण के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नीरज सिंह, संतोष बरकडे, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, चीफ इंजीनियर लोनिवि आर.एल. वर्मा आदि उपस्थित रहे।
————–
(Udaipur Kiran) तोमर
You may also like
मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, विधायकी बहाल होने की संभावना
Weather Update: राजस्थान के 15 जिलों में बारिश का डबल अलर्ट जारी, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ झमाझम का अनुमान
बच्चों के गले में डालें चांदी के सूरज का लॉकेट मिलेंगेˈ ऐसे फायदे सपने में भी नहीं सोचा होगा
कैमूर जिले में फर्जी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की मौत
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमला: आरोपी को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया